Wednesday, November 27, 2019

विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस मनाया गया

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार यादव ने बताया कि 26 नवंबर,1949 को भारत के संविधान को अंगीकृत किया गया था। अतः 26 नवंबर को संविधान अंगीकृत दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है, परंतु यह वर्ष संविधान अंगीकृत करने का 70वां वर्ष है। अतरू विधि एवं न्याय मंत्रालय भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार विशेष कार्यक्रम आयोजित कर संविधान दिवस मनाया गया।
प्रो. यादव ने कहा संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को एकता के सूत्र में बांधने वाला हमारा संविधान विस्तृत, विराट और अपने आप में अनोखा है। इसके महत्व का अनुमान हम सब इस बात से भी लगा सकते हैं कि देश के सर्वोच्च पद, चाहे विधायिका में हो, कार्यपालिका में अथवा न्यायपालिका में, सभी संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों एवं दायित्व के अनुसार ही काम करते हैं। संविधान दिवस के अवसर पर देश को एक प्रगतिशील संविधान देने वाले बाबासाहेब अंबेडकर और इसको अक्षुण्ण बनाए रखने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को हम कृतज्ञ देशवासियों का नमन हैं। उन्होंने समस्त देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी व्यक्त की।इस अवसर पर विधि विभाग के डॉ. महाबीर सिंह रंगा ने सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को भारत के संविधान की प्रस्तावना तथा भारत के संविधान में उल्लेखित मूल कर्तव्यों का पठन करवाया तथा संविधान के प्रति शपथ दिलवाई। उन्होंने बताया कि विधि विभाग द्वारा 70वें वर्ष को जोर शोर से मनाने के लिए सालभर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्य रूप से भाषण प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, प्रस्ताव लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता आदि शामिल हैं।इस अवसर पर डीन प्रो. दलीप कुमार, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सीआर जिलोवा, डॉ. सुनील भारती सहित शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी और बडी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।