Wednesday, May 19, 2021

संघ द्वारा देशभर में सेवा के कई उपक्रम शुरू किए

 कोरोना की मौजूदा भयावह लहर से देश को बाहर निकालने मे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक भी तत्परता से लगे हुए हैं। समाज में विभिन्न संगठन व संस्थाओं से समन्वय स्थापित करते हुए संघ द्वारा देशभर में सेवा के कई उपक्रम शुरू किए गए हैं।


इस संबंध में श्री सुशील जी क्षेत्र बौद्विक शिक्षण प्रमुख (उत्तराखंड, मेरठ व ब्रज) ने गूगल मीट पर वर्चुअल मीटिंग करते हुए सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा समय में जरूरतमंदों की सहायता के लिए संघ द्वारा देशभर में करीब 3,800 स्थानों पर हेल्पलाइन सेंटर्स चलाए जा रहे हैं। इसी प्रकार 7,500 से अधिक स्थानों पर वैक्सीनेशन शिविर, सहयोग व जागरूकता अभियान में 22 हजार से अधिक कार्यकर्ता लगे हुए हैं। पिछले वर्ष भी जब लाकडाउन लगा था तब लोगों की राहत और मदद के लिए संघ ने विश्व का सबसे बड़ा सेवा अभियान चलाया था, जिसमें चार लाख 80 हजार से ज्यादा स्वयंसेवक एक साथ सेवा कार्य में कई माह जुटे रहे थे।


अनुषांगिक संगठन सेवा भारती, विश्व हिंदू परिषद, लघुु उद्योग भारती समेत अन्य संगठन व संस्थाओं के माध्यम से स्वयंसेवक प्रभावित परिवारों व जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध करवाने के कार्य में जुटे हुए हैं।  संघ द्वारा देशभर में 287 स्थानों पर आइसोलेशन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 9,800 से अधिक बिस्तर की व्यवस्था है। इसके साथ ही 118 शहरों में कोविड केयर सेंटर भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें 7,476 बिस्तर की व्यवस्था है। विशेष बात यह कि इनमें से 2,285 बिस्तर ऑक्सीजन युक्त हैं।

इन केंद्रों के संचालन में 5,100 से अधिक कार्यकर्ता कार्य कर रहे हैं। इनके अलावा सरकारी कोविड केयर केंद्रों में भी स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। देश में 762 शहरों में संचालित 819 सरकारी कोविड केयर केंद्रों में 6,000 से अधिक कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं। इलाज में बड़े स्तर पर रक्त की मांग है। इसे देखते हुए देशभर में स्वयंसेवकों ने 1,256 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 44 हजार यूनिट रक्तदान करवाया है। देशभर में 1,400 स्थानों पर संचालित चिकित्सकीय हेल्पलाइन के माध्यम से डेढ़ लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं, इन केंद्रों में 4,445 चिकित्सक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खुर्जा के प्रचार प्रमुख कपिल कुमार ने बताया कि खुर्जा में भी इसी क्रम में काढ़ा  वितरण, सैनिटाइजेशन, जरूरतमंद लोगों को भोजन की व्यवस्था आदि सेवा कार्य लॉकडाउन संबंधी नियमों का पालन करते हुए यह जा रहे हैं।